देश के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल की किताब ‘ब्लू इज लाइक ब्लू’ को पहला मातृभूमि बुक ऑफ द ईयर अवार्ड मिला। जूरी ने कहा है कि विनोद कुमार शुक्ल अगर यूरोपियन लेखक होते तो वे विश्वप्रसिद्ध होते लेकिन हिंदी में लेखन के कारण उन्हें अलक्षित किया गया। विनोद कुमार शुक्ल को यह अवार्ड बुकर पुरस्कार के जूरी सदस्य मार्गरेट बसबाई द्वारा दिया जायेगा। इसके तहत श्री शुक्ल को सम्मान पत्र और 5 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जायेगी। उनकी किताब का चयन जिस निर्णायक मंडल द्वारा किया गया उनमें शशि थरूर, चंद्रशेखर कम्बार और डॉ सुमना रॉय शामिल थे।