उत्तराखंड में लॉकडाउन के बीच जहां 84 देशों के 1284 विदेशी और भारत के विभिन्न राज्यों के 1150 पर्यटक फंसे हुए हैं, वहीं ऋषिकेश एम्स में नर्सिंग अधिकारी और दून महिला अस्पताल में भर्ती मरीज कोरोना संक्रमित मिलने के साथ ही राज्य में कोरोना मरीज़ संख्या 50 तक पहुंच चुकी है।
एम्स ऋषिकेश के यूरोलॉजी विभाग में काम करने वाले नर्सिंग स्टाफ में शामिल 30 वर्षीय युवक में कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने 20 बीघा बापू ग्राम जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया है। एम्स सूत्रों के अनुसार यह कर्मचारी शुक्रवार तक ड्यूटी पर आया था। जब उसे संबंधित शिकायत हुई तो वार्ड में ही उसका थर्मल स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया। उसमें बुखार की पुष्टि हुई थी। शनिवार की शाम उसका सैंपल लिया गया। उसकी रविवार की सुबह रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। यह कर्मचारी किस-किस के संपर्क में रहा और कहां-कहां गया, इस बात की जानकारी जुटाई जा रही है। जानकारी मिलने के बाद संबंधित सभी लोगों को क्वैरंटाइन किया जा सकता है।
राज्य से बाहर की सबसे बड़ी दुखद सूचना ये है कि कोरोना वॉरियर्स अब तेजी से इस महामारी की चपेट में आने लगे हैं। दिल्ली में 32 पुलिसकर्मी और 15 सीआरपीएफ के जवान, वाराणसी में 7 पुलिस कर्मी तथा महाराष्ट्र में 100 से ज्यादा पुलिस कर्मियों में कोरोना पॉजिटिव मिला है। इस बीच, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 26 हजार 738 हो गई है। रविवार को मध्यप्रदेश में 145, राजस्थान में 69, तमिलनाडु में 64, आंध्रप्रदेश में 81, पश्चिम बंगाल में 40, झारखंड में 6, बिहार में 4, ओडिशा में 3 और कर्नाटक में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक संक्रमण 26 राज्य और 6 केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है। लेकिन 21 हजार 115 मरीज यानी करीब 80% सिर्फ शीर्ष के 7 राज्यों में हैं। इन राज्यों में महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु और उत्तरप्रदेश शामिल हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, रविवार शाम तक 24 घंटे में 1975 नए मामले सामने आए। देश में 26 हजार 917 कोरोना संक्रमित हैं। इनमें से 21 हजार 3 का इलाज चल रहा है, 5914 ठीक हुए हैं और 826 की मौत हुई। दिल्ली के जहांगीर पुरी इलाके के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में डॉक्टरों समेत स्टाफ के 44 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद अस्पताल में सभी मेडिकल सेवाएं बंद कर दी गई हैं। स्टाफ के बाकी लोगों के भी सैम्पल लिए गए हैं। उनकी रिपोर्ट का इंतजार है। यह अस्पताल दिल्ली सरकार के अंतर्गत आता है। इस इलाके में कोरोना संक्रमण के और भी केस आ चुके हैं। उधर, मुंबई में 31 पत्रकारों इलाज के बाद ठीक हो गए हैं। उनकी लगातार दो कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। चीन से मंगाई गई रैपिड टेस्ट किट खराब होने के बाद देश में इनकी कमी होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब हरियाणा के मानेसर में दक्षिण कोरिया की एक कंपनी ने रैपिड टेस्ट किट बनाने की शुरुआत कर दी है।