अमेरिका के उत्तर पूर्व के वर्मोंट के फेयर हेवन कस्बे में मेयर पद के लिए दो कुत्ते और एक बकरी चुनाव मैदान में हैं। मार्च 2019 में हुए चुनाव के बाद मेयर का पद फिलहाल 3 साल की न्यूबियन लिंकन बकरी के पास है। इस बार के चुनाव में लिंकन और 6 साल के सैमी कुत्ते के बीच कांटे का मुकाबला है। हालांकि, तीसरा प्रत्याशी मफी भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने में पीछे नहीं है। मफी भी लिंकन की उम्र का है। वोटिंग 3 मार्च को होगी। लोगों को वोट डालने के लिए 1 डॉलर देना होगा। टाउन मैनेजर जो गुन्टर ने बताया, चुनाव में रजिस्ट्रेशन कराने की फीस 5 डॉलर रखी गई है। गुन्टर ने मेयर की जिम्मेदारियों के बारे में बताया, मेयर को परेड मार्च के जरिए रुपए का इंतजाम करना होगा। लोग सोशल मीडिया पर भी इस चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रियाए दे रहे हैं।
अमेरिका के इस कस्बे में जानवरों के चुनाव लड़ाने का मकसद बच्चों के लिए कम्युनिटी प्ले ग्राउंड तैयार करना है। इस चुनाव से जो फंड मिलेगा। उसे प्ले ग्राउंड बनाया जाएगा। इसके अलावा, शेष बची राशि बच्चों के पुनर्वास पर खर्च होगी। चुनावी मुकाबले में जर्मन शेफर्ड के-9 सैमी कुत्ते का नामांकन पुलिस चीफ बिल हैम्फ्रीज की ओर से किया गया है। दावा है कि सैमी के समर्थक मौजूदा मेयर लिंकन से अधिक हैं।
दूसरे कुत्ते मफी की मालकिन लिंडा बर्कर ने बताया, मफी एक सर्टिफाई थैरपी डॉग है। वह अस्पतालों में जाकर लोगों की मदद करता है। मफी ने चुनावी रेस को मजेदार बनाया है
लिंकन पक्ष की ओर से कहा जा रहा है कि उसने अपनी मेयर की जिम्मेदारी ठीक से निभाई है। फिर भी यदि वह नहीं जीतती है, तब वह ‘बकरी’ योग में अपना कॅरियर शुरू करेगी। बकरी योग में शरीर को स्थिर रखकर अपनी पीठ पर बकरी को बैलेंस करना होता है।
ग्राउंड के लिए पैसे का इंतजाम में चुनाव के अलावा गोफंडमी पेज भी बनाया गया है। मैदान बनाने में 80,000 (57.5 लाख रुपए) डॉलर की जरूरत है। अभी तक 10000 (7.15 लाख रुपए) डॉलर जमा हुए हैं।