उत्तराखंड सरकार ने विभिन्न राज्यों में फंसे उत्तराखंड के लोगों के लिए लिंक जारी किया है। प्रदेश से बाहर फंसे लोगों को लौटने के लिए उत्तराखंड सरकार के लिंक- लिंक: https://dsclservices.in/uttarakhand-migrant-registration.php पर तुरंत रजिस्ट्रेशन करा लेना चाहिए। राज्य सरकार को इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय का आदेश मिल गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि चरणबद्ध तरीके से अन्य राज्यों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों को सुरक्षित घर लाया जाएगा। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अन्य राज्यों में फंसे लोगों की सुरक्षित घर वापसी का जिम्मा राज्यों को सौंप दिया है। पहले ऑनलाइन पंजीकरण करें। यदि वेबसाइट नही खुल रही है आपके फ़ोन या कंप्यूटर में तो कृपया 0135-2609521 नम्बर पर कॉल करके भी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
लॉकडाउन के चलते दूसरों राज्यों में फंसे प्रदेश के नौकरी पेशा युवाओं, श्रमिकों, छात्रों, पर्यटकों, श्रद्धालुओं और अन्य नागरिकों की जल्द सुरक्षित घर वापसी संभव होने जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार से निर्देश मिलने के बाद जिला स्तर पर प्रशासन ने ऐसे नागरिकों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। इस बीच कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने आज गुरुवार को मुख्य सचिव से मुलाकात की और उन्हें राज्य से बाहर फंसे 21 हजार लोगों की सूची सौंपी। इस प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, जोत सिंह बिष्ट, राजकुमार, विजय सारस्वत सहित आठ लोग शामिल रहे।
बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों को क्वारंटाइन करने के लिए विभिन्न जिलों के होटलों में हजारों बेड की व्यवस्थाएं हो चुकी हैं। अगर राज्यों से लौटने वाले लोगों की संख्या अनुमान से ज्यादा होती है तो उन्हें पंचायत घरों एवं हाइवे के स्कूलों में क्वारंटाइन किया जाएगा। इस समय चंपावत जिले के करीब 550 युवा गोवा, केरल, गुजरात, दिल्ली, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में लॉकडाउन में फंसे हुए हैं। जो लगातार प्रदेश सरकारों व जनप्रतिनिधियों से से वीडियो व मैसेज के जरिए वापस बुलाने की मांग कर रहे हैं।
इस रुद्रपुर (उत्तराखंड) में दो और कोरोना पॉजिटिव मिलने के साथ ही कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 57 हो गई है, जिनमें से 36 लोग ठीक भी हो चुके हैं। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में गुरुवार को कोरोना संक्रमित दो मामले सामने आए हैं। संक्रमित मरीजों को सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में भर्ती किया जा रहा है। कल बाजपुर में एक कोरोना संक्रमित मिलने के बाद आज सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
स्वास्थ्य महानिदेशक अमिता उप्रेती ने इसकी पुष्टि की है। उधर पौड़ी जिले में स्थित श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में गुरुवार से कोरोना सैंपल जांच लैब खुल चुका है। आज दून मेडिकल अस्पताल की एक महिला सफाई कर्मचारी को कोरोना होने की अफवाह उड़ाने पर सफाई कर्मचारी भड़क गए। उन्होंने अस्पताल में सफाई ठप कर हंगामा किया। अस्पताल प्रबंधन के पुलिस से बात कर पोस्टर हटवाने एवं ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए कहने पर कर्मचारी शांत हुए। इसके बाद कर्मचारी करीब दो घंटे के बाद काम पर लौट आए।