लक्षद्वीप के दौरे पर निकले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कोच्चि के होटल ताज विवांता में सोमवार रात रुकने का कार्यक्रम था। राष्ट्रपति सोमवार दोपहर कोच्चि पहुंचे और रात में ताज विवांता में ही ठहरे। राष्ट्रपति मंगलवार सुबह 9.30 बजे लक्षद्वीप के लिए रवाना हो गए। इस दौरान एक रोचका घटनाक्रम हुआ। कोच्चि (केरल) के पांच सितारा होटल ताज विवांता में मंगलवार को एक अमेरिकी कपल की शादी होनी थी। शादी और राष्ट्रपति का दौरा एक ही तारीख में होने की वजह से सिक्युरिटी अफसरों ने कपल से अपनी शादी का वेन्यू बदलने के लिए कहा।
इससे दुल्हन एश्ले और उनका परिवार परेशान हो गया। उनका तर्क था कि इतने जल्दी जगह बदलना आसान नहीं है। सभी तैयारियां हो चुकी हैं। तब एश्ले ने राष्ट्रपति ऑफिस को टैग करते हुए अपनी समस्या रामनाथ कोविंद को बताई और मदद मांगी। एश्ले हॉल ने ट्वीटर पर लिखा, ‘सुरक्षा अधिकारियों ने 48 घंटे पहले हमें अपना मैरिज वेन्यू बदलने के लिए कहा। यह हमारे से आसान नहीं है।’ इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने दखल किया। राष्ट्रपति ऑफिस ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के ताज विवांता में ठहरने के दौरान उसी होटल में हो रही शादी किसी भी तरह से प्रभावित नहीं होनी चाहिए। अब बिना बाधा के शादी हो रही है। राष्ट्रपति ने कपल को आश्वासन दिया कि उनके ठहरने से उनकी शादी में कोई व्यवधान नहीं होगा।
राष्ट्रपति भवन से ट्विटर पर कपल के लिए यह संदेश भी दिया गया कि ‘हमें खुशी है कि मुद्दे का समाधान हो गया है। राष्ट्रपति कोविंद खुशी के इस मौके पर आपको शुभकामनाएं देते हैं।’ इसके बाद महिला ने भी अधिकारियों और होटल के कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।