तमिलनाडु के एग्रीकल्चर मिनिस्टर आर दोराइक्कन्नू की संक्रमण से शनिवार रात मौत हो गई। 72 साल के दोराइक्कन्नू को 13 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले 2 दिनों से उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई थी। डॉक्टर्स ने दोराइक्कन्नू को लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा था, जहां शनिवार रात 11:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उधर, देश में हर 10 लाख की आबादी में कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार घटकर 6 हजार से कम हो गई है। अब हर 10 लाख में 5,908 नए मरीज मिल रहे हैं। अक्टूबर के दूसरे हफ्ते तक ये आंकड़ा 7-8 हजार तक पहुंच गया था।
उत्तराखंड के ऋषिकेश में 24 राफ्टिंग गाइड कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 9 की रैपिड एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 15 अन्य गाइड की RTPCR रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उत्तराखंड सरकार ने सभी तरह के ट्रेडिंग और एडवेंचर एक्टिविटी को अनुमति दे दी है। उधर, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की पत्नी और परिवार के 6 सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसकी जानकारी गंगवार ने शनिवार को ट्वीट करके दी। केंद्रीय मंत्री ने भी अपनी जांच कराई थी, लेकिन उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। गंगवार ने बताया कि उनके परिजन हाल में ही दिल्ली गए थे, जहां वे संक्रमित हो गए। सभी को फरीदाबाद के ESI अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बीच, देश में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 11 करोड़ के करीब पहुंच गया है। अब तक 10 करोड़ 90 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें से 81 लाख 82 हजार 881 लोग संक्रमित पाए गए हैं। राहत की बात यह है कि अब तक 74 लाख 89 हजार 230 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते 1 लाख 22 हजार 149 मरीजों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र में लंबे समय बाद मौत के ग्राफ में जबरदस्त गिरावट देखी गई है। करीब 5 महीने के बाद संक्रमण से मरने वालों की संख्या 80 से कम हुई है। शनिवार को 74 संक्रमितों की मौत हुई। इसके पहले 1 जून को यहां 79 लोगों ने जान गंवाई थी।
दिल्ली सरकार ने राजधानी में शराब बेचने वाले सभी वेंडर्स को आदेश दिया है कि वह अपने यहां काम करने वालों से आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराएं। तमिलनाडु सरकार ने स्कूल, कॉलेज, मूवी थिएटर्स खोलने का आदेश दे दिया है। 2 नवंबर से इसे खोला जाएगा। राजस्थान सरकार ने राज्य के महामारी एक्ट 2020 के सेक्शन-4 के तहत पूरे राज्य में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। बगैर मुंह और नाक ढंके निकलने पर लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
देश में कोविड-19 से होने वाली मौतों की दर 1.5% से भी नीचे आ गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा- टेस्ट, ट्रेस, ट्रैक और ट्रीट की नीति से यह सफलता हासिल हुई है। हर दिन मिलने वाले कोरोना के नए केस के मामले में केरल अब टॉप पर पहुंच गया है। यहां हर रोज सबसे ज्यादा 7-8 हजार लोग संक्रमित मिल रहे हैं। 5-7 हजार केस के साथ महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है। गुरुवार को केरल में 7 हजार 20 केस आए तो महाराष्ट्र में 5 हजार 902 केस। शुक्रवार को केरल में 6638 नए मामले सामने आए, जबकि महाराष्ट्र में 6190 मरीज मिले। वहीं, शनिवार को केरल में 7983 और महाराष्ट्र में 5548 नए मामले सामने आए।
देश में कोरोना के एक्टिव केस को लेकर एक अच्छी और एक बुरी खबर है। अच्छी खबर ये है कि लगातार 30वें दिन ओवरऑल एक्टिव केस में कमी देखने को मिली है। शुक्रवार को एक्टिव केस में 11 हजार 452 की गिरावट दर्ज हुई। इसके पहले लगातार 29 दिन औसतन 10-15 हजार एक्टिव केस कम हुए हैं। हालांकि, चिंताजनक बात यह है कि 7 राज्यों में एक्टिव केस घटने की बजाय अब बढ़ने लगे हैं। इनमें दिल्ली, तेलंगाना, हरियाणा जैसे राज्य शामिल हैं। सबसे खराब हालत देश की राजधानी दिल्ली की है। यहां लगातार चौथे दिन एक्टिव मरीजों की संख्या में 1 हजार से ज्यादा का इजाफा हुआ है। केंद्र सरकार ने दिल्ली में कोविड-19 के बढ़ते मामलों की समीक्षा करने का फैसला किया है। सोमवार को दिल्ली सरकार के अफसरों के साथ केंद्र के अफसर बैठक करेंगे।