कोरोना संकटकाल के दौरान अपने- अपने तरीके से योगदान दे रहे लोगों की कई तस्वीरें सामने आ रही है। ऐसी ही एक तस्वीर महाराष्ट्र के औरंगाबाद से सामने आई है, जहां कोरोना वॉरियर सुनीता नागकीर्ति बच्चों को कोरोनावायरस के प्रति जागरूक करती नजर आ रही हैं। बस्तियों में रह रहे बच्चों को जागरूक करने के लिए उन्होंने मराठी में एक कविता बनाई है, जिसके जरिए वह बच्चों को 20 सेकंड तक हाथ धोने के तरीके और उसके फायदे के बारे में बताती हैं।
बच्चों को कविता के जरिए कोरोना के प्रति जागरूक करता यह वीडियो महाराष्ट्र के खेल आयुक्त ओमप्रकाश बकोरिया ने ट्विटर पर शेयर किया है। इस वीडियो में नागकीर्ति कविता का उपयोग करते हुए बच्चों को 20 सेकेंड तक हाथ धोने की तकनीक समझाती नजर आ रही हैं। रविंद्र स्कूल में राज्य स्काउट एंड गाइड के तहत जुड़ी सुनीता इन दिनों बस्तियों में जाकर लोगों को महामारी के प्रति जागरूक करते हुए इससे बचने के तरीकों के बारे में बता रही हैं।
देश में कोरोनावायरस का प्रसार तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव महाराष्ट्र राज्य में देखने को मिल रहा है। यहां संक्रमितों की संख्या 29100 तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर 22% हो गई है। मुंबई में यह 25% है। मुंबई में हर चौथा मरीज ठीक हो रहा है। राज्य में 14 मई तक 27 हजार 524 केस सामने आए। इलाज के बाद इनमें से 6059 मरीज ठीक होकर घर गए। मुंबई से सटे उपनगरों में मीरा-भाईंदर का रिकवरी रेट सबसे बेहतर 60% है। उल्हासनगर में 81 में से सिर्फ 11 मरीज ठीक हुए हैं।