मशहूर बॉलिवुड एक्ट्रेस शबाना आजमी मुंबई से खंडाला जाते समय शनिवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह और गीतकार जावेद अख्तर टाटा सफारी से मुंबई से खंडाला जा रहे थे। उनकी एसयूवी ओवरटेक करते समय एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में शबाना के सिर, चेहरे और हाथ में चोट आई है। उन्हें पहले नवी मुंबई के एमजीएम हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था, लेकिन ब्रेन से ब्लीडिंग नहीं रुकने की वजह से उन्हें मुंबई के कोकिला बेन हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया। हादसे में जावेद अख्तर को हल्की चोट आई है।
रायगढ़ पुलिस कप्तान अनिल पारास्कर के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मुंबई से 60 किमी दूर खालापुर टोल नाके पर हुआ। जावेद अख्तर ने बताया कि शबाना को ट्रामा वार्ड में शिफ्ट किया गया था। वे गंभीर रूप से जख्मी हैं और लोगों की दुआओं की जरूरत है। यह बातचीत करने का वक्त नहीं है कि हादसे में किसकी गलती थी। ड्राइवर भी बयान देने की स्थिति में नहीं है। जावेद-शबाना की एसयूवी के ड्राइवर ने दूसरी कार को ओवरटेक करने की कोशिश की थी। इसी दौरान एसयूवी पीछे से ट्रक में टकरा गई।