ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस ने ‘संविधान’ को ऑक्सफोर्ड हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर 2019 चुना है। ऑक्सफोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर इसकी वजह भी बताई। उसने लिखा, “यह ऐसा शब्द, जो बीते हुए साल की प्रकृति, मिजाज, माहौल और मानसिकता को व्यक्त कर सकता है। इसके अलावा इसे इसके स्थायी सांस्कृतिक महत्त्व के कारण चुना गया है। ऑक्सफोर्ड लैंग्वेज की वेबसाइट ने इस साल जनवरी में ‘ 2019 का हिंदी का शब्द’ चुनने के लिए इस भाषा और जानने वालों से अपने फेसबुक पेज पर सुझाव मांगे थे। लोगों का काफी अच्छा रिस्पांस मिला। कई अच्छे सुझाव मिले।
वर्ष 2018 में ‘नारीशक्ति’ को हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर घोषित किया गया था। संस्कृत से लिया गया शब्द ‘नारी’ का अर्थ महिला और शक्ति का अर्थ ताकत है। ऑक्सफोर्ड शब्दकोश की ओर से कहा गया था कि आज यह शब्द अपनी जिंदगी का भार उठाने वाली महिलाओं का सूचक है। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के नए संस्करण में आधार, चॉल, डब्बा, हड़ताल और शादी जैसे 26 नए भारतीय अंग्रेजी शब्दों को शामिल किया गया है। डिक्शनरी के इस 10वें संस्करण में 384 भारतीय अंग्रेजी शब्द हैं। 24 जनवरी को लॉन्च किए गए इस संस्करण में चैटबोट, फेक न्यूज और माइक्रोप्लास्टिक जैसे 1000 नए शब्द भी शामिल किए गए। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस की प्रबंध निदेशक फातिमा दादा ने बताया था कि इनमें से 22 शब्द मुद्रित शब्दकोश में, जबकि अन्य चार डिजिटल संस्करण में शामिल किए गए हैं।