उत्तराखंड की जमीन पर जारी नेपाल सीमा विवाद के बीच बिहार के सीतामढ़ी में जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाल शस्त्र बल की फायरिंग में खेत पर काम कर रहे एक भारतीय की मौत हो गई, वहीं दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, फायरिंग की ये घटना भारत-नेपाल सीमा विवाद से जुड़ा हुआ नहीं है। फायरिंग की घटना पर सीतामढ़ी जिले के एसपी ने बताया कि ग्रामीणों और नेपाल सशस्त्र पुलिस के बीच में शुक्रवार को झड़प हो गई, जिसमें नेपाल पुलिस की तरफ से फायरिंग की गई है।
सीतामढ़ी के एसपी सुजीत कुमार मुताबिक, फायरिंग की ये घटना नेपाल एरिया में हुई है। इसमें एक भारतीय की मौत हुई है और दो अन्य घायल हुए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है, वो खतरे से बाहर हैं। जिले के वरिष्ठ अधिकारी कैंप करके मामले की जांच कर रहे हैं और ज्यादा जानकारी मिलने पर आगे कुछ बताया जाएगा।
फायरिंग का पूरा मामला नारायणपुर और लालबन्दी बॉर्डर इलाके का है। पिपरा परसाइन पंचायत के जानकी नगर बॉर्डर पर कुछ लोग खेत में काम रहे थे। इसी दौरान नेपाल की शस्त्र बल ने इन लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू कर दिया। जिसमें जानकी नगर टोले लालबन्दी के निवासी नागेश्वर राय के 25 वर्षीय बेटे डिकेश कुमार की मौत हो गई।
नेपाल पुलिस की फायरिंग में दो लोग घायल हुए हैं। इनमें बिनोद राम के बेटे उमेश राम को दाहिनी बांह में गोली लगी है। इनके अलावा सहोरबा निवासी बिंदेश्वर ठाकुर के बेटे उदय ठाकुर को दाएं जांघ में गोली लगी है। दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए सीतामढ़ी रेफर किया गया है। फिलहाल बॉर्डर पर दोनों देशों के जवान तैनात हैं। सीमा पर तनाव की स्थिति नजर आ रही है। मौके पर जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी पहुंच गए हैं।
दरअसल, नेपाल के नए नक्शे को लेकर भारत और पड़ोसी देश नेपाल के बीच तनाव जारी है। नेपाल ने अपने नए नक्शे में भारत के कई इलाके को अपना हिस्सा बताया है। उसका दावा है कि लिपुलेख, कालापानी और लिपिंयाधुरा उसके क्षेत्र में आते हैं। नेपाल ने अपना नया नक्शा भी जारी कर दिया जिसमें ये तीनों क्षेत्र उसके अंतर्गत दिखाए गए हैं। नेपाल के इस कदम से भारत के साथ उसके रिश्तों पर गहरा असर पड़ रहा है। हालांकि, भारत ने साफ कर दिया है कि वह अपनी संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा। विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया था कि इस सीमा विवाद का हल बातचीत के माध्यम से निकालने के लिए आगे बढ़ना होगा।