दिल्ली में औरंगजेब लेन स्थित कोठी में पंखे से लटकर साइकिल बनाने वाली एटलस कंपनी के मालिक संजय कपूरी की पत्नी नताशा कपूर (57) ने आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके पर एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें नताशा ने लिखा है कि ‘कुछ बात ऐसी है, जो नहीं बता सकती। बच्चों का खयाल रखना।’ तुगलक रोड थाना पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि आर्थिक तंगी भी खुदकुशी की वजह हो सकती है।
बताया जाता है कि घटना के समय घर में उनका बेटा और बेटी मौजूद थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सर गंगाराम अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार को लोधी रोड स्थित श्मशान घाट में नताशा कपूर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। खुदकुशी की वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है। दिल्ली पुलिस शुरुआती जांच में इसे खुदकुशी बता रही है मगर कमरे का दरवाजा खुले की होने की वजह से पुलिस इसे संदिग्ध मानकर कई सिरे से घटना की जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक नताशा कपूर ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि वह अपनी जिंदगी से खुश नहीं थीं। संजय कपूर का परिवार दिल्ली के औरंगजेब लेन में रहता है। संजय कपूर भी वहीं परिवार के साथ रहते हैं।
बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर जब उनकी पत्नी नताशा कपूर ने लंच नहीं किया, तो परिवार के सदस्य उनको ढूंढने लगे। संजय कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर ने फोन किया, तो नताशा कपूर ने फोन भी नहीं उठाया। इसके बाद नताशा कपूर का शव एक कमरे में चुन्नी के फंदे से पंखे से लटका मिला। परिजनों ने चुन्नी काटकर नताशा कपूर के शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद डॉक्टर को बुलाया गया। डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बेटे सिद्धांत कपूर ने पुलिस को घटना की सूचना दी।