मुंबई के वयोवृद्ध पत्रकार दिनू रणदिवे का यहां मंगलवार को निधन हो गया। वह 95 साल के थे। एक पत्रकार ने बताया कि दादर में अपने घर में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह कुछ समय से बीमार थे। वर्ष 1956 में अपने पत्रकारीय करियर की शुरुआत करने वाले रणदिवे ने स्वतंत्रता आंदोलन, संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन और गोवा मुक्ति आंदोलन में भी हिस्सा लिया था।
उन्हें पिछले साल ही मंत्रालय विधिमंडल वार्ताहार संघ और मुम्बई प्रेस क्लब की ओर से ‘लाइफटाइम’ पुरस्कार प्रदान किये गये थे। पालघर जिले के दहानू तहसील में वर्ष 1925 में पैदा हुए रणदिवे कई उभरते और स्थापित पत्रकारों के लिए मित्र, दार्शनिक और मार्गदर्शक थे।
उनकी पत्नी सविता का पिछले साल 16 मई को निधन हो गया था। उन्होंने भी संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में हिस्सा लिया था। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे समेत राजनीति और मीडिया जगत की हस्तियों ने रणदिवे के निधन पर शोक प्रकट किया है।
गोवा के पूर्व मंत्री अच्युत काशीनाथ उसगांवकर नहीं रहे
गोवा के पूर्व मंत्री अच्युत काशीनाथ उसगांवकर का उम्र संबंधी बीमारियों के चलते मंगलवार सुबह यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। उसगांवकर, गोवा के सबसे पुराने क्षेत्रीय दल, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के नेता थे। वह गोवा, दमन एंड दीव की तत्कालीन शशिकला काकोडकर सरकार में 13 अगस्त 1977 से 27 अप्रैल 1979 तक कैबिनेट मंत्री थे। उनके दामाद दिनार तारकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ पणजी के पास गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उसगांवकर का सुबह करीब साढ़े सात बजे निधन हो गया।’’ उनके परिवार में अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर सहित तीन बेटियां हैं। मंत्री बनने से पहले, अच्युत उसगांवकर दयानंद बांडोदकर नीत सरकार के दौरान गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष थे।
बांडोदकर तटीय राज्य के पहले मुख्यमंत्री थे। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पणजी में उसगांवकर के आवास में उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने के बाद ट्वीट किया, “गोवा के पूर्व मंत्री, श्री अच्युत काशीनाश सिनाई उसगांवकर के निधन से दुखी हूं। राज्य और गोवा के लोगों के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। शोकसंतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।” भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष सदानंद तानावड़े ने ट्वीट किया, “गोवा, दमन और दीव के पूर्व मंत्री, श्री अच्युत काशीनाथ सिनाई उसगांवकर के शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।
भाजपा के पूर्व सांसद हरिभाऊ जावले का निधन
भाजपा नेता एवं लोकसभा के पूर्व सदस्य हरिभाऊ जावले का मंगलवार को यहां निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। जावले के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि जलगांव से पूर्व सांसद को चार दिन पहले शहर के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह जलगांव में भाजपा के जिला अध्यक्ष थे। उनके निधन पर कई नेताओं और सांसदों ने शोक व्यक्त किया है।