बीसीसीआई के नए सालाना कॉन्ट्रैक्ट्स में 27 खिलाड़ियों को चार ग्रेड्स में शामिल किया गया है. लेकिन इसमें पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम नहीं है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने टीम इंडिया के लिए सालाना कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा कर दी है। ये कॉन्ट्रैक्ट अक्तूबर 2019 से सितंबर 2020 के लिए लागू होगा। बीसीसीआई की इस लिस्ट में कुल 27 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। ख़ास बात ये है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम इस लिस्ट से ग़ायब है।
बीसीसीआई ने चार ग्रेड्स ग्रेड ए+, ग्रेड ए, ग्रेड बी और ग्रेड सी में खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट्स दिए हैं। ए+ कॉन्ट्रैक्ट्स पाने वालों में तीन खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह शामिल हैं।
ए+ कॉन्ट्रैक्ट्स पाने वालों को सात करोड़ रुपए मिलते हैं। ए ग्रेड कॉन्ट्रैक्ट में 11 खिलाड़ी शामिल हैं – रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, चेतेश्वर पुजारा, आजिंक्य रहाणे, केएल राहुल, शिखर धवन, मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा, कुलदीप यादव और रिषभ पंत। ए ग्रेड के खिलाड़ियों को बीसीसीआई से पाँच करोड़ रुपए मिलते हैं। ग्रेड बी में पाँच खिलाड़ियों को जगह मिली है- रिद्धिमान साहा, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल, हार्दिक पांड्या और मयंक अग्रवाल। बी ग्रेड के खिलाड़ियों को तीन करोड़ रुपए मिलते हैं। सी ग्रेड में आठ खिलाड़ियों को जगह मिली है- केदार जाधव, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, मनीष पांडे, हनुमा विहारी, शार्दुल ठाकुर, श्रेयस अय्यर और वाशिंगटन सुंदर।
अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या धोनी की टीम इंडिया के लिए पारी ठहर गई है। जानकारों का कहना है कि ऐसा तो नहीं कहा जा सकता कि धोनी अब कभी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं होंगे, लेकिन वो टीम इंडिया की लंबे समय की योजना का हिस्सा तो हर्गिज़ नहीं हैं। धोनी एकमात्र कप्तान हैं जिन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को आईसीसी की तीनों ट्रॉफियां जिताई हैं।