जान्हवी कपूर सोमवार सुबह भगवान वेंकेटेश्वर के दर्शन करने तिरुमाला मंदिर पहुंचीं। जान्हवी ने इस धार्मिक ट्रिप की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की हैं। सबसे खास बात ये है कि जान्हवी ने नंगे पांव 12 किमी की तिरुमला की पहाड़ी पर बनी 3500 सीढ़ी चढ़कर भगवान के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। कुछ देर बाद उन्हें मंदिर के प्रांगण में रेड दुपट्टा और ऑरेंज लहंगे में अलग-अलग मंदिरों के दर्शन करते हुए स्पाॅट किया गया। जान्हवी मंदिर पहुंचने के दौरान बीच में ठहरकर सुस्ताती हुईं भी नजर आ रही हैं।
बोनी कपूर और उनकी बड़ी बेटी जान्हवी की तिरुपति मंदिर में बहुत आस्था है। जान्हवी साल में कम से कम एक बार तिरुपति पहुंच ही जाती है। मां श्रीदेवी के आकस्मिक निधन के बाद उनकी आत्मा की शांति के लिए पापा बोनी कपूर और छोटी बहन खुशी कपूर के साथ तिरुपति मंदिर माथा टेकने आई थीं। अपनी फिल्म धड़क की सक्सेस की कामना लेकर भी जान्हवी तिरुपति आई थीं। जान्हवी मानती है कि उन्हें यहां बहुत सुकून मिलता है।