बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान की विभिन्न गतिविधियों और पहलुओं से अवगत कराने के लिए इसरो ने युविका या युवा विज्ञानी कार्यक्रम शुरू किया है। 8वीं क्लास पास कर चुके और 9वीं में पढ़ रहे छात्र इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। चयनित छात्रों के रहने-सहने, खाने-पीने और आने-जाने का खर्च इसरो की ओर से बर्दाश्त किया जाएगा। प्रोग्राम दो हफ्ते का होगा और 11 से 22 मई, 2020 तक चलेगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने साल 2019 से स्कूली बच्चों के लिए एक खास कार्यक्रम ‘युवा विज्ञानी कार्यक्रम (युविका)’ शुरू किया है। इस प्रोग्राम का दूसरा सेशन मई 2020 के महीने में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम का मुख्य रूप से मकसद बच्चों को अंतरिक्ष तकनीक, अंतरिक्ष विज्ञान और अंतरिक्ष अनुप्रयोगों की बुनियादी जानकारी देना है ताकि अंतरिक्ष गतिविधियों में उनकी रूचि पैदा हो।
यह प्रोग्राम गर्मी की छुट्टी में दो हफ्ते यानी 11 मई से 22 मई, 2020 तक चलेगा। इस दौरान प्रमुख वैज्ञानिक अपने अनुभवों से बच्चों को अवगत कराएंगे। बच्चों को अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्रों और प्रयोगशालाओं में जाने का मौका मिलेगा। एक्सपर्ट्स के साथ चर्चा के लिए विशिष्ट सत्र का आयोजन होगा। प्रैक्टिकल और फीडबैक सेशन भी आयोजित होंगे। सीबीएसई, आईसीएसई और राज्य बोर्ड के हर राज्य/केंद्रशासित प्रदेश से 3-3 छात्र चुने जाएंगे। देशभर में ओसीआई कैंडिडेट्स के लिए 5 अतिरिक्त सीट आरक्षित हैं।
जो छात्र 8वीं क्लास क्लियर कर चुके हैं और 9वीं क्लास में हैं, वह इस कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं। ओसीआई (भारतीय मूल के विदेशी नागरिक) समेत भारत में पढ़ रहे छात्र भी इस कार्यक्रम के पात्र हैं। चयन 8वीं में शैक्षिक प्रदर्शन और पाठ्येतर गतिविधियों में प्रदर्शन के आधार पर होगा। ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को खास वेटेज दिया गया है। चयन की प्रक्रिया ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से होगी। ऑनलाइन पंजीकरण इसरो की वेबसाइट www.isro.gov.in पर 3 फरवरी से कराना होगा। आवेदन आप 3 फरवरी को 17.00 बजे से ही कर सकेंगे क्योंकि इसी तारीख को आवेदन का लिंक उपलब्ध होगा। आवेदन की आखिरी तारीख 24 फरवरी, 2020 को 18.00 बजे तक है। अस्थायी तौर पर चयनित कैंडिडेट्स को 23 मार्च, 2020 तक अपने सर्टिफिकेट्स जमा करने होंगे। उपयुक्त प्रमाणपत्रों के सत्यापन के बाद अंतिम चयन लिस्ट 30 मार्च, 2020 को जारी की जाएगी।