देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 89 हजार 936 हो गई है। भारत गुरुवार को मरीजों के मामले में स्पेन (2.89 लाख) से आगे निकल गया। अब हम दुनिया में 5वें स्थान पर आ गए हैं। फिलहाल, टॉप-7 संक्रमित देशों में अमेरिका, ब्राजील, रूस, ब्रिटेन, भारत, स्पेन और इटली हैं। लेकिन रिकवरी रेट में भारत अमेरिका से बेहतर है। यहां मरीजों के ठीक होने की दर 39.12% है जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में रिकवरी रेट बढ़कर 49.21% हो गई है।
इसके अलावा रिकवरी रेट ब्राजील में 51.14%, रूस में 51.97%, इटली में 72% है। ब्रिटेन और और स्पेन की सरकार ने कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा नहीं उपलब्ध कराया है। इसके चलते इन दो देशों का रिकवरी रेट नहीं पता चल सका है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अब देश में संक्रमितों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या है। पिछले एक महीने में रिकवरी रेट में 11% की बढ़ोतरी हुई है। 18 मई को रिकवरी रेट 38.29% था। आज यह 49.21% हो गया है। अब तक देश में 1.41 लाख से ज्यादा लोगों को ठीक करके घर भेजा जा चुका है।’ सरकार के मुताबिक, 1 लाख 37 हजार 448 एक्टिव केस हैं और 1 लाख 41 हजार 29 मरीज ठीक हो गए।
इस तरह जब से लॉकडाउन शुरू मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ती गई, लेकिन उसके साथ स्वस्थ मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ। लॉकडाउन 4 के खत्म होने तक 93 हजार 322 मरीज ठीक हो चुके थे। यानी अनलॉक-1 में 47707 मरीज ठीक हुए, जो कुल स्वस्थ हुए मरीजों का 33% है।
दिल्ली में संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में यहां 1501 मरीज मिले। मंगलवार को 1366 मरीज थे। यानी मंगलवार से अब तक करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई। वहीं, देश के सबसे ज्यादा प्रभावित 7 राज्यों में से दिल्ली का रिकवरी रेट 37.52% है, जो सबसे कम है। वहीं, राजस्थान का रिकवरी रेट 73.78% सबसे बेहतर है।