कर्नाटक के उडुपी जिले में आईटी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस पहाड़ से टकराने से 9 लोगों की पर ही मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक बस मैसूर से उडुपी जा रही थी और शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे ड्राइवर ने माला इलाके के पास बस पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क से सटे पहाड़ से जा चकराई। हादसे के बाद कई यात्री बस में ही फंसे रह गए। बस में फंसे घायलों को स्थानीय लोगों ने निकालकर नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे में 7 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 2 घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। एक घायल यात्री ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी थी और यात्रा से पहले उसे सुधार के लिए गैराज ले जाया गया था। हादसे में बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल लाए गए घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया और गंभीर रूप से घायल लोगों को सरकारी अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए मनीपाल भेजा गया है।
उडुपी के एसपी विष्णुवर्धन और तालुक कमिश्नर पूरंदरा हेगड़े ने अस्पताल जाकर घायलों के इलाज का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी मृतक मैसूर की एक आईटी कंपनी के कर्मचारी थे। इन्हें लेकर बस उडुपी जा रही थी। उसी दौरान यह हादसा हुआ।