आज जबकि हाथ से मानचित्र बनाने की कला लगभग खत्म हो गई है, मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया) में करीब पांच साल की मेहनत के बाद मानचित्रकार एंटन थॉमस ने हाथ से उत्तरी अमेरिकी महाद्वीप का मानचित्र बनाया है। एंटन थॉमस ने 4 फीट लंबे और 5 फीट चोड़े महाद्वीप का मानचित्र तैयार किया है। इसमें एंटन ने 600 शहरों के अलावा छोटी से छोटी जानकारी भी प्रतीक चिह्नों से दी है।
थॉमस ने बताया, उन्होंने 64 हजार किलोमीटर की तटीय संरचना और करीब 25 करोड़ वर्ग किलोमीटर के महाद्वीप में पर्वतीय श्रृंखलाएं, उष्णकटिबंधीय सदाबहार और पर्णपाती वन से लेकर सुदूर रेगिस्तान और आर्कटिक कनाडा के टुंड्रा तक को चित्रित किया। एंटन ने मैप में 600 शहरों के साथ, महाद्वीप के संस्कृति, जलवायु, वन्य जीवन, भू-भाग, वातावरण, मौसम की दशाएं और जनसंख्या को दर्शाया है। इसके लिए मैप में कई प्रतीक चिह्नों का इस्तेमाल किया गया। इनमें बिल्डिंग्स, झंडे, पक्षी, नाव, समुद्री जहाज, मछलियां यहां तक की व्हेल को भी चित्रित किया है।
थॉमस ने 2014 में मानचित्र बनाना शुरू किया था। हालांकि, वह बचपन से मानचित्र बनाते आ रहे हैं, लेकिन किशोर उम्र में उन्होंने मैपिंग छोड़कर संगीत का रुख कर लिया था और गीत लिखने लगे थे। उन्होंने प्रेस नोट में बताया, मैंने अमेरिकी यात्रा से पहले कभी न्यूजीलैंड को नहीं छोड़ा था। इस महाद्वीप का आकार बाकई प्रेरणादायक था, मैंने मानचित्र में जगह के आकार और विविधता पर ध्यान दिया है। अब मानचित्र की बिक्री के लिए प्रिंट निकलवाने की योजना है।