आज रविवार को एक हिंदू जोड़े ने केरल के अलप्पुझा की एक मस्जिद में शादी रचाई। विवाह समारोह में दोनों समुदायों के लोग शामिल हुए। इस शादी का आयोजन चेरुवली मुस्लिम जमात मस्जिद ने किया। केरल के सीएम पिनरई विजयन ने भी फेसबुक पर पोस्ट लिखकर इस जोड़े को बधाई दी। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि केरल एक है और आगे भी रहेगा। मस्जिद में हुई इस शादी में मंत्र पढ़े गए और जोड़े ने आग के समक्ष सात फेरे लिए। दुलहन अंजू और दूल्हे शरत ने एक-दूसरे को माला पहनाई। मस्जिद परिसर में मौजूद पंडित ने विधि-विधान से दोनों की शादी करवाई। इसके बाद शादी में आए लोगों के लिए शाकाहारी भोजन का भी इंतजाम किया गया था।
दरअसल, दुलहन अंजू गरीब परिवार से है। अंजू की मां ने शादी तय हो जाने पर मस्जिद कमेटी से मदद मांगी। मस्जिद कमेटी ने न सिर्फ अंजू की शादी करवाई, बल्कि मस्जिद में शादी करवाकर एक शानदार मिसाल पेश कर दी। मस्जिद कमेटी ने दुलहन को सोने के 10 सिक्के और दो लाख रुपये भी तोहफे के रूप में दिए। मस्जिद कमेटी के नुजुमुद्दीन ने बताया कि शादी समारोह में लगभग एक हजार बारातियों और घरातियों के लिए खाने का भी इंतजाम किया गया। उन्होंने छोटे बच्चे की शिक्षा के लिए व्यक्तिगत तौर पर मदद की। इस बार मस्जिद कमेटी से अपील की गई थी क्योंकि शादी का खर्च काफी अधिक होता है। वर्ष 2018 में अंजू के पिता अशोकन की मौत के बाद परिवार बहुत कठिन हालात का सामना कर रहा है। इसलिए मदद करना मस्जिद कमेटी का फर्ज बन गया।
इस शादी की मिसाल केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने भी अपने फेसबुक पर पोस्ट की। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को बधाई देने के साथ-साथ लोगों को भी बधाई दी। उन्होंने लिखा- ‘केरल ने हमेशा से ही सांप्रदायिक सौहार्द्र के शानदार उदाहरण पेश किए हैं। यह शादी उस वक्त हुई है, जब धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश हो रही है। केरल एक है, हमेशा एक रहेगा।’