हिमाचल प्रदेश में रोहतांग समेत लाहौल, कुल्लू और किन्नौर की चोटियों पर हिमपात हो रहा है। शिमला में बादल छाए हुए हैं। रोहतांग में 60, जलोड़ी दर्रा में 45 और सोलंगनाला में 20 सेंटीमीटर ताजा हिमपात दर्ज हुआ है। ठंड और बर्फबारी से प्रदेश की 265 सड़कों पर आवागमन ठप हो गया है। केलांग, कल्पा, कुफरी और डलहौजी का न्यूनतम पारा माइनस हो चुका है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दोपहर बाद जोरदार बारिश से तापमान ठिठुर गया। पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में शनिवार को भी बर्फबारी जारी है। थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग फिर बंद हो गया है। उधर कुमाऊं में रुद्रपुर, अल्मोड़ा, भीमताल और नैनीताल में बादल छाए हुए है। दोपहर बाद पिथौरागढ़ में ओलावृष्टि की खबर है। चमोली में मौसम खराब है। यहां दो दिनों से बारिश और बर्फबारी चल रही है। रुद्रप्रयाग में घने बादल छाए हुए हैं। जोशीमठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी, घाट और पोखरी में ओलावृष्टि हुई है।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों के बीच दिल्ली में शनिवार की सुबह कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश में भी बारिश से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तरी क्षेत्र में बर्फबारी और बारिश के बाद तापमान में वृद्धि दर्ज की गई लेकिन मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों के निवासियों को ठंड का अहसास हुआ, जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह शहर में इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा।
जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग को चार दिनों के बाद एक तरफ के ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है। जवाहर सुरंग के पास बर्फबारी होने और बनिहाल-रामबण सेक्टर में कई भूस्खलन होने के बाद इस राजमार्ग को बंद कर दिया गया था। पंजाब में, अमृतसर सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में भी ठंड का सितम जारी है, जहां ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। राज्य में चुरू सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले 24 घंटे तक ठंड से राहत नहीं मिलने और सीकर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, धौलपुर में कोहरे का अंदेशा व्यक्त किया है।