कोरोना वायरस से देश में सर्वाधिक पीड़ित राजधानी दिल्ली और मुंबई महानगरी में बीते 24 घंटों में नए मामलों की संख्या में तेजी से गिरावट दर्ज हो रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, देश में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 435 हो चुकी है। दिल्ली में गत दिवस सिर्फ 17 नए केस सामने आए जो पूरे अप्रैल में किसी भी दिन का सबसे कम आंकड़ा है। मुंबई में नए मामलों में एक दिन पहले की तुलना में 35 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। देश में बुधवार को सिर्फ 866 नए मरीज सामने आए थे। उससे एक दिन पहले यानी मंगलवार की तुलना में यह करीब 25 प्रतिशत कम रहे। इस हफ्ते नए मामलों में भी यह सबसे कम आंकड़ा है। सोमवार को देश में कोरोना वायरस के 1200 से ज्यादा नए मामले सामने आए थे। मंगलवार को भी करीब 1100 नए मामले सामने आए। केस की गिरावट में यही रफ्तार रही तो दिल्ली, मुंबई कोरोना को हराने में निकट भविष्य में पूरी तरह कामयाब हो सकते हैं।
ताजा जानकारी के मुताबिक, देश में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 435 हो चुकी है। गुरुवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में 66 साल के मरीज ने दम तोड़ दिया। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, यह मरीज 10 अप्रैल से वेंटिलेटर पर था। राज्य में कोरोना संक्रमण से यह 13वीं मौत है। वहीं, गुजरात में संक्रमण से तीन लोगों की जान चली गई। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को कोरोना संक्रमण से 12वीं मौत हुई। आगरा के सरोजिनी नायडू (एसएन) मेडिकल कॉलेज में भर्ती 45 साल के संक्रमित ने दम तोड़ दिया। आगरा में अब तक कोरोना से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें तीन महिलाएं हैं। इसके अलावा, महाराष्ट्र और पंजाब में भी एक-एक मौत हुई है। उधर, पिछले तीन दिनों में 90 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 188 लोगों की जान गई है।
उधर, अमेरिका में कोरोना वायरस से 24 घंटे के भीतर बुधवार को करीब 2,600 लोगों की मौत हो गई जो किसी भी देश में इस संक्रामक रोग से मरने वाले लोगों की सर्वाधिक संख्या है। अमेरिका के जॉन्स हॉप्किन्स विश्वविद्यालय के अनुसार, 24 घंटे में 2,569 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही अमेरिका में मरने वाले लोगों की कुल संख्या 28,326 पहुंच गई है जो किसी भी देश के मुकाबले मृतकों की सबसे अधिक संख्या है।