ब्रिटेन के एस्सेक्स कोलचेस्टर में रहने वाले एक लेस्बियन कपल ने शेयर्ड मदरहुड प्रक्रिया से बच्चे को जन्म दिया है। यानी जन्म से पहले भ्रूण दो मांओं के गर्भ में रहा। डॉक्टरों का दावा है ब्रिटेन में ऐसा पहली बार हुआ है। ब्रिटिश कपल जैस्मीन (28) और डोना फ्रांसिस-स्मिथ (30) के पहले बच्चे का जन्म तय समय से 2 माह पहले हुआ। बच्चे के जन्म का समय दिसंबर के करीब था, लेकिन जैस्मीन ने अक्टूबर में ही लंदन के वुमन क्लीनिक में ओटिस को जन्म दिया।
बच्चे का जन्म एनी विवो नेचुरल फर्टिलाइजेशन प्रक्रिया के तहत हुआ। इस प्रक्रिया में अंडे (एग) को मां के शरीर के अंदर प्रत्यारोपित किया जाता है। इसके उलट आईवीएफ में यह प्रक्रिया शरीर के बाहर होती है। लंदन वुमन क्लीनिक के आईवीएफ विशेषज्ञों ने 8 साल पहले लेस्बियन जोड़ों के लिए शेयर मदरहुड का आइडिया लॉन्च किया था। तब से अब तक 100 से अधिक बच्चों का जन्म शेयर मदरहुड के जरिए हो चुका है।
डोना ने 11 साल तक सेना में सेवाएं दीं, उसकी पोस्टिंग अफगानिस्तान और साइप्रस में थी। डोना और नॉर्थम्पटनशायर की डेंटल नर्स जैस्मीन से 2014 में मुलाकात हुई थी। इसी साल डोना के साइप्रस से लौटने के बाद दोनों ने शादी कर ली थी।बच्चे के जन्म से दोनों खुश हैं और डॉक्टरों की टीम के आभारी हैं जिनकी बदौलत उनके पहले प्रयास में उन्हें संतान सुख मिल सका।
लांस कॉर्पोरल डोना ने स्थानीय मीडिया से कहा कि वह और उसकी साथी दोनों सेम जेंडर कपल के बीच कृत्रिम गर्भाधान से पैदा होने वाले बच्चे के बारे में जानती थी। डोना ने कहा, इस प्रक्रिया में यह केवल एक साथी है जो गर्भवती हुई, लेकिन बच्चे को जन्म जैस्मीन ने दिया है। डोना के अनुसार, इस प्रक्रिया ने उसे भावनात्मक रूप से जैस्मीन के और करीब ला दिया है और अब हम दोनों अपने दो महीने के बेटे ओटिस की देखभाल कर रहे हैं।