उत्तरी कश्मीर में भारी बर्फबारी के बीच कई स्थानों पर हिमस्खलन से माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास सेना की चौकी चपेट में आ गई। बर्फ में दबने से सेना के चार जवान शहीद हो गए। उधर, नौगाम सेक्टर में तैनात बीएसएफ कांस्टेबल के भी शहीद हो जाने की सूचना है। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में हिमस्खलन की चपेट में आकर पिता-पुत्रों समेत पांच लोगों की जान चली गई। बारामूला जिले के गुलमर्ग में दो बच्चियां हिमस्खलन में फंस गई थीं, जिन्हें रेस्क्यू कर लिया गया।
घटनाक्र के मुताबिक, रामपुर और गुरेज सेक्टर में भी हिमस्खलन के कारण सेना की चौकियों को नुकसान पहुंचा है। यहां भी एक जवान के शहीद होने की सूचना मिली है। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई। बर्फ में फंसे जवानों को रेस्क्यू करने के लिए वायुसेना की मदद ली जा रही है। भारी बर्फबारी के कारण कुपवाड़ा, बांदीपोरा और बारामूला जिले में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। उत्तरी और मध्य कश्मीर के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। गांदरबल जिले के कुल्लन इलाके में बर्फ का पहाड़ दरकने से नौ लोग चपेट में आ गए। इसके बाद सेना के जवानों ने बर्फ में दबे लोगों को रेस्क्यू किया। यहां से चार लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि पांच लोगों की मृत्यु हो गई।