पेरिस में तेजी से बढ़ रही कोरोनावायरस महामारी के मामलों के बीच फ्रांस ने फिर से लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। इस वैश्विक महामारी की दूसरी लहर को रोकने के लिए सरकार ने यह फैसला किया है। लॉकडाउन की घोषणा के चलते पेरिस की सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है। जल्दी से अपने घर पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकसाथ ही अपनी गाड़ियों से निकल पड़े। इससे करीब 700 किलोमीटर लंबा सड़क जाम लग गया। दावा किया जा रहा है कि पूरी दुनिया में ऐसा लंबा जाम कभी भी कहीं नहीं लगा था।
इतनी बड़ी जाम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। एफिल टावर की सिटी पेरिस में 700 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम दुनियाभर में सुर्खियां बटोर रहा है। फ्रांस सरकार को इस बात का डर है कि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामले देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बिगाड़ सकते हैं। ऐसे में अथॉरिटीज ने एक बार फिर से चार हफ्तों के लॉकडाउन की घोषणा की है। आधी रात से लॉकडाउन के नियम प्रभावी हो गए हैं। फ्रांस में 47,637 केस आए और 250 लोगों की मौत हुई है।
न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, शाम को पेरिस की सड़कों पर 700 किलोमीटर लंबा जाम देखा गया। फ्रांस के ट्रैफिक डिपार्टमेंट ने स्थानीय मीडिया को बताया कि शाम को शहर में 430 मील यानी कि 700 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोग अपने घरों की ओर जल्दी लौटने का प्रयास कर रहे थे। बीती आधी रात से लॉकडाउन प्रभावी होना था, इसकी वजह से जो लोग छुट्टियों में घर से बाहर थे, वे अपने घर लौट रहे थे।
कोरोना वायरस से निपटने के लिए राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रोंने देश भर में एक बार फिर लॉकडाउन की घोषणा की है। राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों ने कहा है कि सोमवार से छुट्टियों से घरों से लौटने वाले लोगों के प्रति प्रशासन उदार रवैया अपनाए, लेकिन निकलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। लॉकडाउन के दौरान लोगों को जरूरी काम से घर से बाहर निकलने की अनुमति है, लेकिन इसके लिए पुलिस की मंजूरी जरूरी है। राष्ट्रपति ने पहले ही कहा है कि बिना करण घर से बाहर निकलने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।