उत्तराखंड में करोड़ों की छात्रवृत्ति घोटाले में पुलिस ने हिमालयन दून एकेडमी के संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। कॉलेज संचालक ने करीब ढाई करोड़ रुपये का घोटाला किया था। एसआईटी ने कॉलेज संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। संचालक की गिरफ्तारी से अन्य कॉलेजों के मालिकों में अफरातफरी मची है। पुलिस ने संचालक को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
जिले में एसआईटी ने कई कॉलेजों के खिलाफ जांच कर करोड़ों रुपये की छात्रवृत्ति घोटाले का खुलासा किया था। एसआईटी की ओर से इन कॉलेज मालिकों के खिलाफ केस भी दर्ज करवाया था। एसआईटी ने क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव स्थित हिमालयन दून एकेडमी में भी करीब ढाई करोड़ रुपये का घोटाला पकड़ा था। साथ ही कॉलेज संचालकों राजीव भारद्वाज और गौरव रत्न शर्मा पुत्र सुदेश कुमार शर्मा निवासी चावमंडी, रुड़की के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। केस दर्ज होने के बाद कॉलेज संचालक भूमिगत चल रहे थे। एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि बुधवार को कॉलेज में छापा मारकर संचालक गौरव रत्न शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, दूसरा कॉलेज संचालक राजीव भारद्वाज फरार हो गया है।