दिल्ली से सांसद और ऐक्टर मनोज तिवारी को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मनोज तिवारी को हटाकर आदेश गुप्ता को दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ छत्तीसगढ़ का अध्यक्ष विष्णुदेव साय को नियुक्त किया गया है। मनोज तिवारी को हटाकर बीजेपी ने आदेश गुप्ता को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। आदेश गुप्ता एक साल पहले तक नॉर्थ एमसीडी के मेयर रह चुके हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी ने यह चेहरा व्यापारी वर्ग को खुश करने के लिए आगे किया है। आदेश गुप्ता एक वक्त में ट्यूशन पढ़ाकर अपना घर चलाते थे।
मनोज तिवारी को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सोमवार को लॉकडाउन के नियम का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। वह दिल्ली में कोविड-19 को नियंत्रित करने में अरविंद केजरीवाल सरकार की नाकामी के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए राजघाट पर जमा हुए थे। इससे पहले भी मनोज तिवारी पर लॉकडाउन तोड़ने के आरोप लगे थे। वह क्रिकेट मैच खेलने हरियाणा पहुंचे थे। वहां उन्होंने मैच के दौरान न तो मास्क लगाया, न सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया था।
दिल्ली चुनाव में मिली करारी हार को भी मनोज तिवारी को हटाने के पीछे वजह माना जा रहा है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव इसी साल फरवरी में हुए थे। इसमें बीजेपी को कुल 8 सीट मिली थीं। पार्टी ने यह चुनाव मनोज तिवारी की अध्यक्षता में ही लड़ा था। सांसद मनोज तिवारी ने इस फैसले के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए दिल्ली वासियों से क्षमा भी मांगी है। दरअसल बीजेपी ने जिस मकसद से उन्हें अध्यक्ष बनाया था, वह पूरा होता नहीं दिखा। माना जाता है कि पूर्वांचली वोट को खींचने के लिए बीजेपी ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी थी, फिर भी बीजेपी को दिल्ली में दो बार करारी हार का सामना करना पड़ा।
मनोज तिवारी ने ट्वीट करते हुए लिखा है- ‘दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में इस 3.6 साल के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला, उसके लिए सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, दिल्ली वासियों का सदैव आभारी रहूँगा.. जाने अनजाने कोई त्रुटि हुई हो तो क्षमा करना..
नए प्रदेश अध्यक्ष भाई आदेश गुप्ता को असंख्य बधाइयां।’ इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में मनोज तिवारी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की भी बात सामने आई थी। हालांकि बीजेपी को उनके नेतृत्व में करारी हार का सामना करना पड़ा। तिवारी ने 45 सीटों का दावा किया था जबकि केवल 8 सीटें मिलीं।