एक दशक तक भारतीय क्रिकेट टीम की कमान संभाल चुके रांची (झारखंड) के महेंद्र सिंह धोनी ने लॉकडाउन में खाली समय का पूरा सदुपयोग किया है। अपने फार्म हाउस में इन्होंने जैविक खेती करना सीखा। खेत तैयार करने के लिए ट्रैक्टर खरीदा और उसे चलाना भी सीख लिया। रांची के सैंबो स्थित अपने फॉर्म हाउस में ट्रैक्टर चलाते हुए उनका नया रूप देखने को मिला।
कुछ दिन पहले ही धोनी ने अपने फॉर्म हाउस में ऑर्गेनिक खेती शुरू की है। वहां तरबूज और पपीता लगाए हुए हैं। उन्होंने पूजा-पाठ करते हुए विधि-विधान के साथ इसकी शुरुआत की थी। इसे सोशल मीडिया में भी शेयर किया गया था। ऑर्गेनिक खेती में भी नए कीर्तिमान गढ़ने के लिए धोनी हर बारीकी को समझना चाहते हैं। यही कारण है कि लॉकडाउन के दौरान खेती में पूरी तरह रम गए हैं। ट्रैक्टर की ट्रेनिंग भी इसी की एक कड़ी है, ताकि वे खुद ट्रैक्टर से क्यारियां खोद सकें।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने धोनी के ट्रैक्टर सीखने के पल को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। सीएसके ने एक फनी कैप्शन लिखा है- क्या होगा अगर थाला (कप्तान) धोनी अपने इस नए बीस्ट पर सवार होकर राजा से मिलने जाएं? धोनी को दक्षिण भारतीय प्रशंसक थाला कहते हैं, जिसका अर्थ होता है- विषम परिस्थितियों से लड़कर सफलता को छूने वाला।
सीएसके की तरफ से शेयर इस वीडियो में धोनी ट्रैक्टर पर सवार होकर पर घूमते दिख रहे हैं। वह ट्रैक्टर चलाना सीख रहे हैं। उनके साथ ट्रैक्टर पर एक और व्यक्ति भी है, जो उन्हें ट्रैक्टर के उपकरण और फंक्शन की जानकारी दे रहा है।