देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या देश में तो एक लाख से ज्यादा हो ही चुकी है, राजधानी दिल्ली में ताज़ा आकड़ों ने हिलाकर रख दिया है। दिल्ली में बीते 24 घंटों में 500 नए कोरोना केस सामने आए हैं। इसके साथ ही राजधानी में कोरोना केस संख्या 10,554 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में 265 मरीज ठीक या डिस्चार्ज हुए हैं या माइग्रेट कर गए। इसके साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक/डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या 4750 हो गई है। देश की राजधानी में इस वायरस के चलते 166 लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय दिल्ली में एक्टिव मरीजों की संख्या 5638 है।
गौरतलब है कि लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ने के साथ-साथ केंद्र सरकार ने राज्यों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन खुद निर्धारित करने की भी छूट दी है। इसी कड़ी में दिल्ली के मख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कुछ कैब और टैक्सी सेवाओं की इजाजत दे दी। दिल्ली के सीएम ने लॉकडाउन-4 को लेकर सोमवार शाम को नए दिशा-निर्देश जारी किए कि दिल्ली में शर्तों के साथ बस, टैक्सी, कैब, ऑटो, ई-रिक्शा, प्राइवेट और सरकारी दफ्तरों को खोल दिया जाए।
उधर, महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए आज मंगलवार से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की पांच कंपनियां तैनात की जा रही हैं। इससे पहले केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 5 कंपनियों का पहला बैच सोमवार को मुंबई पहुंच गया था। उल्लेखनीय है कि बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र पुलिस के 55 जवान संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में अब तक पुलिस के 1328 जवान संक्रमित हो चुके हैं।