देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या मंगलवार को 2 लाख के पार हो गई। अब भारत दुनिया का 7वां ऐसा देश है, जहां 2 लाख से ज्यादा लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। 30 जनवरी को देश में संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। इसके 98 दिनों बाद यानी 6 मई को यह संख्या बढ़कर 50 हजार हुई। इसके बाद रफ्तार में तेजी आई। फिर अगले 27 दिनों में संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख के पार हो गया।
शुक्र है सबसे ज्यादा आबादी होने के बावजूद अन्य देशों के मुकाबले यह रफ्तार काफी धीमी है। अमेरिका में सबसे तेज 72 दिनों में दो लाख से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। भारत में यह आंकड़ा 125 दिन में पहुंचा।
चिंता की बात यह है कि देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब तेजी से बढ़ने लगी है। 6 मई को देश में कोरोना का आंकड़ा 50 हजार पर था। मतलब संक्रमण की शुरुआत से लेकर 50 हजार मामले होने तक 98 दिन लगे। लेकिन इसके बाद रफ्तार तेज हो गई। अगले 50 हजार मामले महज 12 दिनों में सामने आए। इसके बाद हर 7-8 दिन में 50 हजार नए केस सामने आ रहे हैं।
देश में हर 1 लाख की आबादी पर 7.1 लोग संक्रमित मिल रहे हैं। राहत की बात है कि यह संख्या अन्य देशों के मुकाबले काफी कम है। अमेरिका में एक लाख की आबादी पर 431, ब्रिटेन में 494 और इटली में 372 मरीज मिल रहे हैं।