देश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 338 तक पहुंच गया है। उधर, विश्व में यह आकड़ा 1,14,208 हो चुका है। मुंबई के धारावी में अब तक संक्रमण से 5वीं मौत हो चुकी है। इसी के साथ महाराष्ट्र में कोरोना से मरने वालों की संख्या 150 पर पहुंच गई है। इससे पहले रविवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 39 लोगों की जान गई। मृतकों में महाराष्ट्र के 22 मरीज शामिल थे। इससे पहले शनिवार को 36 संक्रमितों की मौत हुई थी।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, रविवार को मुंबई में 16, पुणे में 3, नवी मुंबई में 2 और सोलापुर में एक मरीज की मौत हुई। इनमें से 20 मरीजों को डायबिटीज, हाइपरटेंशन, अस्थमा और दिल की बीमारी थी। उधर, दिल्ली में लगातार रविवार को दूसरे दिन 5 मरीजों की मौत हुई। यहां अब तक 24 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। राजस्थान के जयपुर में 13 साल की बच्ची और टोंक में 60 साल की बुजुर्ग ने दम तोड़ा। मध्यप्रदेश के इंदौर में 2 मरीजों की मौत हुई। भोपाल में कोरोना से तीसरी मौत की पुष्टि हुई। यहां 49 साल के इमरान खान की मौत शनिवार को हुई थी। रविवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तेलंगाना में 2, गुजरात, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और झारखंड में एक-एक मौत हुई थी।
उधर, दुनियाभर में कोरोनावायरस से 18 लाख 52 हजार 652 लोग संक्रमित हो चुके हैं। एक लाख 14 हजार 208 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें चार लाख 23 हजार 400 ठीक हुए हैं। न्यूयॉर्क के रियल स्टेट बिजनेसमैन और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दोस्त स्टेनली चेरा की कोरोना से मौत हो गई। वे 70 साल के थे। फेडरल इलेक्शन कमीशन के रिकॉर्ड के अनुसार, 2016 से 2019 तक स्टेनली ने ट्रम्प विक्ट्री ऑर्गेनाइजेशन को करीब चार करोड़ रु. (4 लाख 2 हजार 800 डॉलर) दिए थे। उधर, इजराइल के पूर्व प्रमुख राब्बी एलियाहू बक्शी डोरेन की भी रविवार देर रात मौत हो गई।