इंग्लैंड में पढ़ाई कर रहे देहरादून के सौरभ सैनी और उनके दोस्त लॉकडाउन से विदेश में फंस गए हैं। उनको दूतावास के एक कमरे में आइसोलेशन में रखा गया है। फ्लाइट कैंसल हैं। सौरभ के पिता जय सिंह इस समय उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से बेटे के लिए मिन्नतें कर रहे हैं।
दीपनगर (देहरादून) निवासी सौरभ सैनी के पिता जय सिंह के मुताबिक, उनके बेटे सौरभ लंदन (इंग्लैंड) में पढ़ाई कर रहे हैं। विगत 18 मार्च को उनका अंतिम पेपर था। 19 तारीख को उनकी फ्लाइट बुक थी, लेकिन कोरोना वायरस के कारण फ्लाइट को कैंसिल कर दिया। इसके बाद से सौरभ और उनके दोस्त कॉलेज के हॉस्टल में ठहरना चाहे, लेकिन कॉलेज प्रबंधन ने प्रवेश नहीं दिया। इससे उनको सुरक्षित स्थान तक नहीं मिल सका।
उसके बाद सौरभ और उनके दोस्तों ने भारतीय दूतावास से संपर्क किया, लेकिन वहां से भी मदद नही मिल सकी है। सौरभ ने फोन पर जय सिंह को बताया है कि उन्हें दूतावास में एक कमरे में बंद करके रखा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को मदद के लिए पत्र भेजा है। साथ ही विदेश मंत्रालय को भी फैक्स किया है। उन्होंने सौरभ और उसके साथियों की जल्द से जल्द घर वापसी की मांग की है।