8वीं गढ़वाल राइफल्स जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में तैनात कोटकंडारा (चमोली) के गांव सुनाली निवासी जवान सुरेंद्र सिंह नेगी (38) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सुरेंद्र सिंह नेगी रविवार की शाम पेट्रोलिंग के बाद कमरे पर लौटे थे। जवान का पार्थिव शरीर मंगलवार तक उनके गांव पहुंचने की संभावना है। 2005 में आठवीं गढ़वाल राइफल में भर्ती जवान सुरेंद्र सिंह अपने पीछे देहरादून में रह रही पत्नी अंजू और दो बच्चे छोड़ गए हैं।
सुनाली के ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह नेगी के मुताबिक, सुरेंद्र सिंह नेगी अपने परिवार में सबसे छोटे थे। उनके 83 वर्षीय वृद्ध पिता गोविंद सिंह भी सेना से रिटायर्ड हैं, जबकि उनके बडे भाई सुलभ सिंह आर्मी से रिटायर्ड और एक मझले भाई दुलभ सिंह भी गढ़वाल राइफल में हैं।
उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह जम्मू आर्मी हेडक्वार्टर से उनके बड़ भाई सुलभ को आर्मी के सीओ ने जवान सुरेंद्र सिंह के पेट्रोलिंग के बाद कमरे में लौट कर सीने में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सैनिक की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोक कर बुरा हाल है।