बॉलिवुड ऐक्टर इरफान खान इस दुनिया में नहीं रहे। कल मंगलवार सुबह वे अपने घर के बाथरूम में गिर गए थे। उसके बाद कोलन इनफेक्शन के चलते उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था। अब एक ताज़ा सूचना में पता चला है कि इरफान खान का निधन हो गया है। वह अब इस दुनिया में नहीं रहे।
वर्ष 2018 में इरफान खान को न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर का पता चला था। लंदन में उनका इलाज चल रहा था। इसके बाद उनकी तबीयत में सुधार होने के बाद वह भारत वापस आ गए थे। लंदन से इलाज करवाकर लौटने के बाद इरफान कोकिलाबेन अस्पताल के डॉक्टर्स की देखरेख में ही इलाज करवा रहे थे। पिछले कई महीनों से वह इसी अस्पताल में रूटीन चेकअप करवाते रहे हैं।
बताया जाता है कि फिल्म अंग्रेजी मीडियम की शूटिंग के दौरान इरफान खान को एक कीमो थैरपी करवानी थी, लेकिन शूटिंग के चलते उनका वह ट्रीटमेंट स्किप हो गया। इस वजह से फिल्म की शूटिंग के दौरान भी कई बार उन्हें तकलीफ होती थी, लेकिन बाहरी तौर पर उनकी परेशानी नहीं दिखाई दे रही थी। दो महीने पहले उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई थी। उसके बाद लगातार उनकी तबीयत बिगड़ती गई। अभी 10 दिन पहले जब उनकी परेशानी और ज्यादा बढ़ गई, तब उन्हें कोकिलाबेन में ऐडमिट करवा दिया गया। इस बार हॉस्पिटल में वह अपनी बीमारी से बहुत संघर्ष कर रहे थे। आखिरकार, वह दुनिया छोड़ चले।
जावेद अख्तर ने बताया कि आखिरी बार लंदन में मुलाकात हुई थी। शेर ओ शायरी की बातें हुईं। उन्होंने कहा कि जल्द लौटेंगे तो फिर इत्मीनान से बात होगी। उनकी अदायगी एक करिश्मा है। बीमारी के दौरान भी काम करते रहे, ये जज्बा था उनमें।
दो साल पहले न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर बीमारी का पता चलने पर उन्होंने खुद फैंस के साथ यह खबर साझा करते हुए ट्वीट किया था- ‘जिंदगी में अचानक कुछ ऐसा हो जाता है, जो आपको आगे लेकर जाता है। मेरी जिंदगी के पिछले कुछ दिन ऐसे ही रहे हैं। मुझे न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर नामक बीमारी हुई है। लेकिन, मेरे आसपास मौजूद लोगों के प्यार और ताकत ने मुझमें उम्मीद जगाई है।’ बीमारी का पता लगने के बाद इरफान खान इलाज कराने लंदन गए थे। वहां वे करीब एक साल रहे और फिर अप्रैल 2019 में भारत लौटे।
वापसी के बाद उन्होंने अपनी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ की शूटिंग राजस्थान में शुरू की और फिर आगे के शेड्यूल के लिए लंदन चले गए थे, जहां वे डॉक्टर्स के संपर्क में भी रहे। हालांकि, लॉकडाउन के चलते यह फिल्म सिर्फ दो दिन ही सिनेमाघरों में चल पाई।
फिल्म के ट्रेलर रिलीज से पहले इरफान ने फैन्स के लिए यू-ट्यूब पर अपना इमोशनल मैसेज छोड़ा था। उन्होंने कहा था, “हैलो भाइयों-बहनों, नमस्कार। मैं इरफान। मैं आज आपके साथ हूं भी और नहीं भी। खैर, ये फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ मेरे लिए बहुत खास है। सच…यकीन मानिए, मेरी दिली ख्वाहिश थी कि इस फिल्म को उतने ही प्यार से प्रमोट करूं, जितने प्यार से हम लोगों ने बनाया है। लेकिन, मेरे शरीर के अंदर कुछ अनवॉन्टेड मेहमान बैठे हुए हैं। उनसे वार्तालाप चल रहा है। देखते हैं किस करवट ऊंट बैठता है। जैसा भी होगा आपको इत्तिला कर दी जाएगी।”
वैसे इरफान डॉक्टरों की राय लेने के लिए लंदन आते-जाते रहते हैं मगर पिछले डेढ़ महीने से जारी लॉकडाउन के चलते सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द हैं। इसलिए, वे मुंबई से बाहर नहीं जा पाए।
इरफान ने ‘मकबूल’, ‘लाइफ इन अ मेट्रो’, ‘द लंच बॉक्स’, ‘पीकू’, ‘तलवार’ और ‘हिंदी मीडियम’ जैसी शानदार फिल्मों में काम किया है। उन्हें ‘हासिल’ (निगेटिव रोल), ‘लाइफ इन अ मेट्रो’ (बेस्ट एक्टर), ‘पान सिंह तोमर’ (बेस्ट एक्टर क्रिटिक) और ‘हिंदी मीडियम’ (बेस्ट एक्टर) के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। ‘पान सिंह तोमर’ के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड दिया गया था। कला के क्षेत्र में उन्हें देश का चौथा सबसे बड़ा सम्मान पद्मश्री भी मिल चुका है।