उत्तराखंड में कोरोना आपदा गंभीर रूप लेती जा रही है। शनिवार, 30 मई को राज्य में 40 और लोग कोरोना संक्रमित हो गए, जिनमें से 23 देहरादून, 8 चंपावत, 5 नैनीताल और 4 टिहरी के हैं। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या अब तक 769 हो चुकी है, जिनमें से 105 ठीक हो चुके हैं। शनिवार के संक्रमितों में एक बड़ी खबर रही कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की पत्नी और पूर्व मंत्री अमृता रावत का कोरोना पॉजिटिव हो जाना। देहरादून के जिलाधिकारी डॉ आशीष कुमार श्रीवास्तव एवं सतपाल महाराज के विशेष कार्याधिकारी अभिषेक शर्मा ने भी इसकी पुष्टि की है। (फोटो प्रतीकात्मक है)
बताया गया है कि अमृता रावत की दो-तीन दिन से तबीयत खराब थी। शनिवार सुबह देहरादून की एक निजी लैब में कोरोना जांच की गई, शाम को रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकलीं।
इस समय उत्तराखंड में 664 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा तीन मरीज राज्य से बाहर चले गए हैं। अब तक पांच संक्रमितों की मौत हो चुकी है। पौड़ी के नैनीडांडा ब्लाक की ग्राम सभा पिपली में क्वॉरंटीइन सेंटर में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में भर्ती एक कोविड-19 पॉजिटिव महिला का चिकित्सकों की टीम ने प्रसव कराया। मां और शिशु दोनों की हालत स्थिर है।
एम्स ऋषिकेश में दिल्ली से लौटे एक मां-बेटे मुंबई से लौटे तीन व्यक्ति समेत 14 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई हैं। पौड़ी गढ़वाल की 31 वर्षीय महिला अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ किराए पर कार लेकर 26 मई को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंची थीं। यह दोनों 29 तारीख को एम्स की ओपीडी में आए थे, जहां पर इनका सैंपल लिया गया था। मुंबई से लौटे तीन अन्य मामलों में दो व्यक्ति रुद्रप्रयाग जिले से और एक व्यक्ति चमोली जिले से है। 19 वर्षीय चमोली का यह व्यक्ति 28 मई को मुंबई से ऋषिकेश आया था और उसी दिन से सीमा डेंटल कॉलेज में क्वारंटीन था। 29 मई को उसका सैंपल लिया गया था, जो पॉजिटिव पाया गया। अन्य दो व्यक्तियों में से एक 29 वर्षीय जखोली रुद्रप्रयाग के और 35 वर्षीय पिपली पासून पचान रुद्रप्रयाग के हैं। ये दोनों 28 मई को मुंबई से ऋषिकेश आए थे। इनमें से एक को सीमा डेंटल कॉलेज में और दूसरे को महेंद्र परशुराम हॉल भरत मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज में क्वारंटीन किया गया था। इनके अलावा एम्स की ओपीडी में आया एक अन्य व्यक्ति और हरिद्वार से मिले आठ सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं।
देहरादून स्थित निरंजनपुर मंडी में शनिवार को एक आढ़ती के परिवार के छह लोगों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। गनीमत यह है कि अभी तक संक्रमित मरीज मंडी के सील एरिया से ही संबंधित हैं। शुक्रवार को पूरे दिन में राज्य में रेकार्ड 216 नए मरीज सामने आए थे। सर्वाधिक पॉजिटिव संख्या 85 नैनीताल जिले की है, जबकि 68 मरीज देहरादून से हैं। अल्मोड़ा में 21, बागेश्वर व टिहरी में आठ-आठ, हरिद्वार, पौड़ी व ऊधमसिंहनगर में पांच-पांच, उत्तरकाशी में चार व रुद्रप्रयाग में छह नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों में अधिसंख्य महाराष्ट्र, गुरुग्राम, दिल्ली से लौटे प्रवासी हैं।
टिहरी में शनिवार को चार और युवकों में कोरोना की पुष्टि हुई। श्रीनगर बेस अस्पताल में इनके सैंपल की जांच हुई है। इनमें तीन भिलंगना ब्लॉक और एक थौलधार ब्लॉक का युवक है। सभी महारष्ट्र से टिहरी आए थे। तीन युवक भिलंगना ब्लॉक के क्वारंटाइन सेंटर में हैं, जबकि थौलधार ब्लॉक का युवक अपने गांव से दूर घर में क्वारंटाइन है। चारों को नई टिहरी कोविड सेंटर में लाने की तैयारी चल रही है। साथ ही पुलिस कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग में भी जुट गई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 74 हो गई है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर और सिक्योरिटी गार्ड की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने दोनों लोगों की आवास क्षेत्र की संबंधित गली को सील कर दिया है। नर्सिंग अधिकारी शिवाजी नगर गली नंबर 34 में रहते हैं, जबकि सिक्योरिटी गार्ड बापू ग्राम 20 बीघा गली नंबर 9 में रहता है। डोईवाला की जीवनवाला ग्राम सभा के बाद आदर्श नगर जौलीग्रांट में भी मुंबई से आए एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शनिवार को युवक को एंबुलेंस में देहरादून दून हॉस्पिटल ले जाया गया। रिपोर्ट आने के बाद स्थानीय प्रशासन ने जौलीग्रांट आदर्श नगर के कुछ क्षेत्र को सीज कर दिया है। युवक मुंबई से गोवा, दिल्ली उसके बाद दिल्ली से ऋषिकेश होता हुआ 26 मई को अपने घर जौलीग्रांट आया था।
विकासनगर के सीमांत त्यूणी तहसील के कथियान-डांगूठा क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव पाई गई युवती को उपचार के लिए कोविड-19 सेंटर देहरादून ले जाने को शनिवार सुबह स्वास्थ विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ त्यूणी अस्पताल पहुंची। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग टीम ने त्यूणी क्षेत्र में कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आए दो बैंक मैनेजर समेत चार लोगों को एटीएस विद्यालय में इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन किया है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को 1296 सैंपल की जांच रिपोर्ट मिली है। जिनमें 1080 की रिपोर्ट निगेटिव व 216 केस पॉजिटिव हैं। सर्वाधिक 85 नैनीताल जिले से हैं। 27 मई महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में प्रवासी ट्रेन से लालकुंआ पहुंचे थे। इनमें से 319 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, आज पॉजिटिव आए 80 लोग इन्हीं में शामिल हैं। दिल्ली और गुरुगाम से लौटे दो-दो और रामपुर उप्र से लौटे एक शख्स भी कोरोना संक्रमित मिला। सभी संक्रमित रामनगर में क्वारंटाइन थे, अब उन्हें आइसोलेट किया जा रहा है। देहरादून में 68 मरीज देहरादून मिले।
इनमें बाहरी राज्यों से लौटे 34 लोगों को क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया है, जबकि 11 लोग पूर्व में ही दून मेडिकल कॉलेज के कोरोना संदिग्ध वार्ड में भर्ती हैं। ये निरंजनपुर सब्जी मंडी के संक्रमित मुनीम के संपर्क में आए हैं। सब्जी मंडी के आढ़ती के एक कर्मचारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अन्य 22 संक्रमितों में एम्स ऋषिकेश का नìसग ऑफिसर, लैब टेक्नीशियन, सिक्योरिटी गार्ड, वहां भर्ती दो भर्ती मरीज और लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी मसूरी का एक कर्मचारी, बैराज कॉलोनी निवासी पिता-पुत्र, ऋषिकेश में क्वारंटाइन नरेंद्रनगर निवासी युवक और विकासनगर क्षेत्र के लोग शामिल हैं। ये सभी लोग बाहर से आए हैं और बॉर्डर पर सैंपलिंग के बाद इन्हें क्वारंटाइन किया गया था।
अल्मोड़ा में 21 प्रवासी बीती 23 मई को मुम्बई से ट्रेन से लालकुआं पहुंचे थे। 24 मई को अल्मोड़ा पहुंचने पर इन्हें क्वारंटाइन किया गया था। इसके अलावा 24 मई को ही गुरुग्राम से लौटे एक युवक को बेस हॉस्पिटल में आइसोलेट किया गया था। इन सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव है। टिहरी में मुंबई से लौटे आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव है। हरिद्वार में कोरोना संक्रमित मिले पांचों लोग मुंबई से आए हैं। ऊधमसिंहनगर में मिले कोरोना संक्रमित पांच युवक मुंबई से लौटे हैं, इनमें दो वहां नौकरी करते थे और एक फल बेचता था। रुद्रप्रयाग में कोरोना पॉजिटिव दो युवक 20 मई को दिल्ली से अपने निजी वाहन से यहां पहुंचे थे, इन्हें संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था। पौड़ी में संक्रमित मिले पांच युवक गुरुग्राम और मुंबई से लौटे हैं।
विभिन्न राज्यों से प्रवासियों की बड़ी संख्या में वापसी के साथ ही इनमें कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब उत्तराखंड में कुछ जिलों के जोन का रंग बदल सकता है। अब कुछ रेड जोन में आ सकते हैं। वर्तमान में राज्य के सभी 13 जिले ऑरेंज जोन में हैं। रविवार अथवा सोमवार को जिलों के नए जोन का निर्धारण होगा। पिछले सप्ताह राज्य के सभी जिले ऑरेंज जोन में आ गए थे। इसका निर्धारण 24 मई को हुआ था। नैनीताल, देहरादून, टिहरी, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, अल्मोड़ा जिलों में कोरोना के मामले अधिक सामने आए हैं। सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के मुताबिक, इस समय राज्य के सभी जिले ऑरेंज जोन में हैं। ऐसे में ऑनलाइन आवेदन कर राज्य के भीतर आवाजाही की अनुमति दी गई है। अलबत्ता, जोन के नए निर्धारण में यदि कोई जिला रेड में आता है तो वहां केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार रेड जोन के मानक लागू होंगे।
कौशिक ने बताया कि लॉकडाउन-चार में लोगों को अधिकतम सुविधाएं दी जा रही हैं। सरकार ने पर्यटन, तीर्थाटन, मॉल व सिनेमाहाल को लेकर भी केंद्र सरकार से अनुमति मांगी है। उम्मीद है कि यह मिल जाएगी। केंद्र से झंडी मिलने के बाद सुरक्षित शारीरिक दूरी के मानकों समेत अन्य नियमों का पालन करते हुए गतिविधियां शुरू की जाएंगी।