कोरोना वायरस से अब तक विश्व में 3 लाख 8 हजार 610 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में यह आकड़ा शनिवार को 2752 तक पहुंच गया। इधर, उत्तराखंड में शनिवार को कोरोना छह नए केस सामने आए हैं। राज्य सरकार लगातार हालात पर नजर रखे हुए है। प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी से सड़कों से लेकर अस्पतालों तक डटा हुआ है।
उत्तराखंड में शनिवार को भी कोरोना छह नए केस सामने आए हैं। इनमें चार दून अस्पताल में भर्ती संक्रमित मरीजों के परिजन हैं। इन्हें भी संदिग्ध मानकर इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। दो मामले ऊधमसिंहनगर जिले में सामने आए हैं। इसमें एक रुद्रपुर जिला अस्पताल में और एक एलडी भट्ट अस्पताल के आईसोलेशन वॉर्ड में भर्ती है। रुद्रपुर का युवक दिल्ली से और काशीपुर का युवक महाराष्ट्र से आया था। इन दोनों के नमूने जांच के लिए हल्द्वानी भेजे गए थे। राज्य में संक्रमितों की संख्या अब 88 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 51 लोग स्वस्थ होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 36 एक्टिव मामले हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना संक्रमण के चार मामले सामने आए थे। इनमें एक मरीज देहरादून की रिंग रोड स्थित आदर्श कॉलोनी, एक पौड़ी जिले के बीरोंखाल ब्लॉक और दो जनपद नैनीताल से हैं। चारों ही कुछ दिन पहले दिल्ली और गुरुग्राम से लौटे हैं। दून निवासी युवक की मां पहले ही कोरोना पॉजिटिव आ चुकी हैं। एक सप्ताह के भीतर बाहरी राज्यों से उत्तराखंड लौटे 25 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है।
देश में अब तक 20 लाख 39 हजार 952 कोरोना सैम्पल की जांच हो चुकी है। बीते तीन दिन से रोजाना 90 हजार से ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं। कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 85 हजार 874 हो गई है। शनिवार को राजस्थान में 91 और ओडिशा में 65 नए मामले मामले आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 85 हजार 940 संक्रमित हैं। 53 हजार 35 का इलाज चल रहा है। 30 हजार 153 ठीक हो गए हैं और 2752 की मौत हो चुकी है।
ताज़ा जानकारियों के मुताबिक, लॉकडाउन के बीच आपरेशन समुद्र सेतु के तहत भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस जलाश्व मालदीव की राजधानी माले से 588 भारतीयों को लेकर रवाना हो गया है। यह जहाज रविवार को केरल के कोच्चि बंदरगाह पर पहुंचेगा। अमेरिका के नेवार्क से 121 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विशेष विमान शनिवार तड़के हैदराबाद पहुंचा। यह विमान तड़के 3:14 बजे लैंड हुआ।
दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 46 लाख 26 हजार 487 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 17 लाख 57 हजार 282 ठीक हो चुके हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 08 हजार 610 हो गया है। वहीं, फॉक्स न्यूज के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प डब्ल्यूएचओ को चीन जितना फंडिंग दे सकते हैं। 14 अप्रैल को ट्रम्प ने संगठन पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए फंडिंग रोक दी थी। अमेरिका हर साल सबसे ज्यादा 40 करोड़ डॉलर की फंडिंग करता रहा है। उधर, यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट के पांच नाविक दोबारा संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें आइसोलेशन में भेज दिया गया है।