देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 62 हजार 646 हो गई है। सोमवार को महाराष्ट्र में 2553 नए मामले सामने आए और 109 मौतें हुईं। अब मुंबई में संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार के पार पहुंच गया, शहर में 702 लोगों की मौत हुई। जबकि राज्य में 88 हजार 528 मरीज मिल चुके हैं, इनमें से 40 हजार से ज्यादा ठीक भी हो गए। उधर, ओडिशा के कटक में एनडीआरएफ के 49 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तूफान के राहत कार्य के बाद बंगाल से लौटने पर तीसरी बटालियन के अब तक 178 जवान संक्रमित मिल चुके हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बुखार और गले में इंफेक्शन है। वे खुद आइसोलेट हो गए। सोमवार को मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए, अब मंगलवार को अपना कोरोना टेस्ट कराएंगे। रविवार को ही उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। पश्चिम बंगाल और मिजोरम ने संक्रमण पर काबू पाने के लिए लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ा दिया है। कोरोना संकट के कारण जम्मू में दरबार की वार्षिक छुट्टियों के चलते 26 जून से ऑफिस बंद हो जाएंगे और 6 जुलाई को खुलेंगे। दिल्ली से सटे गुड़गांव में एक दिन में सबसे ज्यादा 243 मरीज मिले। हरियाणा में 406 मरीज सामने आए हैं और अब तक 39 लोगों की जान गई है।
इस समय टॉप-10 संक्रमित राज्यों में महाराष्ट्र पहले, तमिलनाडु दूसरे, दिल्ली तीसरे, गुजरात चौथे और बिहार दसवें स्थान पर है। लेकिन गुजरात में में मृत्युदर सबसे ज्यादा 6.2% और बिहार में सबसे कम 0.6% है। प्रदेश में सोमवार से कंटेनमेंट जोन से बाहर आर्थिक गतिविधियां तेज हो गईं। यहां शॉपिंग मॉल, होटल, रेस्टोरेंट और शॉपिंग सेंटर खुल गए। ये सभी रात 8:30 बजे तक खुल सकेंगे। हालांकि, इस मसले पर ग्वालियर में आज और इंदौर में कल फैसला किया जाएगा। राज्य में धार्मिक स्थलों को खोलने पर भी फैसला 15 जून तक होगा। उत्तरप्रदेश में कंटेनमेंट जोन को छोड़कर सभी धार्मिक स्थल 75 दिन बाद आम लोगों के लिए खोल दिए गए। वाराणसी के मंदिरों में मंगलवार से दर्शन शुरू होंगे। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अलावा अन्य मंदिर अभी नहीं खुलेंगे। मिर्जापुर में विंध्याचल मंदिर में पंडा समाज की आज प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक है। इसके बाद निर्णय लिया जाएगा कि कब मंदिर खोला जाए। उधर, लखनऊ में मस्जिदों को भी खोल दिया गया है।
महाराष्ट्र में सोमवार सुबह तक कोरोना के 3007 नए केस आए। यहां अब 85 हजार 975 संक्रमित हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में 91 मौतें हुई हैं। इनमें 64 पुरुष और 27 महिलाएं थीं। मरने वालों में 46 मरीजों की उम्र 60 साल से अधिक थी। राज्य में 5 लाख 58 हजार 463 लोगों को घरों में और 28 हजार 504 लोगों को अन्य स्थानों पर क्वारैंटाइन किया गया है। राजस्थान में सोमवार को 97 संक्रमित मिले। इनमें अलवर में 58, कोटा में 12 डूंगरपुर में 6, जयपुर और भरतपुर में 4-4, सिरोही और बांसवाड़ा में 3-3, पाली, झालावाड़ और बूंदी में 2-2, बारां में 1 मरीज मिला। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 10 हजार 696 पहुंच गया। भरतपुर में 1 मौत भी हुई है। राज्य में इस बीमारी से अब तक 241 लोगों की मौत हो चुकी है।