उत्तराखंड में शनिवार को 95 नए केस मिलने के साथ ही राज्य में कुल संक्रमित संख्या 2301 हो गई। शनिवार को देहरादून में 17, टिहरी में 24, उत्तरकाशी में 15, अल्मोड़ा में 11, चमोली में 7, हरिद्वार-बागेश्वर-नैनीताल में 5-5, पौड़ी में 2 और रुद्रप्रयाग में 4 नए कोरोना संक्रमित मिले। रुद्रप्रयाग में पूरी तहसील को ही क्वारंटीन कर दिया गया है। उधर, देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 3 लाख 95 हजार 841 हो गई है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 14721 मामले सामने आए, जिनमें से 9026 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अच्छी खबर यह है कि देश में 24 राज्य ऐसे हैं, जहां स्वस्थ हुए लोगों की संख्या मरीजों से ज्यादा हो गई है।
उत्तराखंड में कोरोना वॉरियर्स स्वास्थ्य कर्मी भी बड़ी संख्या में संक्रमित होने लगे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के फिजीशियन समेत चार डॉक्टर और 24 स्वास्थ्य कर्मियों समेत 92 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उनमें 11 कर्मचारी टिहरी जिले की सीएचसी हिंडोलाखाल के हैं। हालांकि दून के सीएमओ बीसी रमोला का कहना है कि दून में इतनी बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों का संक्रमित होना शक पैदा कर रहा है। इसलिए आज शनिवार को सभी की दोबारा जांच कराई जा रही है। इस बीच प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2278 तक पहुंच गई है। हालांकि, इनमें से 1433 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं, जबकि 27 लोगों की मौत हो चुकी। अब 803 केस एक्टिव हैं। अबतक सबसे अधिक मामले 599 देहरादून, 370 टिहरी गढ़वाल और 361 नैनीताल में सामने आए हैं।
उधर, हल्द्वानी में कोरोना पॉजिटिव एक और मरीज की मौत हो गई है। अल्मोड़ा निवासी 66 वर्षीय महिला की तबीयत खराब हो चुकी थी। 14 जून को एसटीएच रेफर किया गया था। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि महिला की तबीयत गंभीर थी। उसे निमोनिया, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप व अन्य बीमारियां थी। कोरोना टेस्ट भी पॉजिटिव निकला था। शनिवार को उसकी मौत हो गई। वहीं जिले में पांच मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमें एक चंपावत, दो अल्मोड़ा व एक नैनीताल जिले का मरीज था।
दिल्ली में मरीजों की संख्या 50 हजार के पार चली गई है। राजधानी में रिकॉर्ड 3137 मरीज और बढ़ गए हैं। यह अब तक सबसे ज्यादा आंकड़ा है। वहीं, 66 मौतें हुईं। इसके साथ राजधानी में मौतें भी 2035 हो गई हैं। देश में शुक्रवार को 365 मौतें हुईं थीं, जिनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 165 मरीजों ने दम तोड़ा। तमिलनाडु में लगातार तीसरे दिन 2 हजार मरीज बढ़े। यहां शुक्रवार को 2115 नए संक्रमित मिले। उत्तर प्रदेश में 809, गुजरात में 540, हरियाणा में 525, राजस्थान में 299, मध्यप्रदेश में 156 मामले सामने आए।
दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 62 हजार 519 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा 87 लाख 57 हजार 734 हो गया है। अब तक 45 लाख 70 हजार 751 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में नए मामले सामने आने के बाद 12 जुलाई तक लॉकडाउन लगा दिया है। पिछले 24 घंटे में 25 संक्रमित मिलने के बाद विक्टोरिया के प्रिमियर डैनियल एंड्र्यूज ने इसका ऐलान किया है।
ब्राजील में संक्रमितों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है। यहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात बताया कि पिछले 24 घंटे में 54 हजार 771 नए मामले सामने आए। यह अब तक दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, गुरुवार से शुक्रवार देर रात 1206 संक्रमितों की मौत हुई। देश में अब तक 48 हजार 954 लोगों की जान गई है। यहां के लोग संक्रमण से निपटने में सरकार की नाकामी से नाराज है। देश में कई जगहों पर इसको लेकर प्रदर्शन किए गए।