उत्तराखंड में मंगलवार को 103 नए कोरोना मरीज मिले हैं। सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति की दून अस्पताल में मौत हो गई है। प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2505 हो गई है। राज्य में 1541 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। इसके साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अलग-अलग अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर में 920 मरीज अभी भर्ती हैं। कोरोना पॉजिटिव 15 मरीज अन्य राज्यों में जा चुके हैं। अब तक 29 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
उत्तराखंड में आज गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों में 58 जबकि, कुमाऊं मंडल के 48 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार दोपहर को जारी हेल्थ बुलेटिन में 103 मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई है। इसी के साथ ही अब प्रदेशभर में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 2505 पहुंच गई है।
इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के मिलने के बाद विभाग की चिंता भी बढ़ गई है। विभाग अब संक्रमितों के संपर्क में आए संदिग्धों की पहचान कर उन्हें क्वारंटाइन करने में जुट गया है। बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार दोपहर तक पाए गए 103 संक्रमितों में से सबसे ज्यादा 26 मरीज उधमसिंहनगर जिले में मिले हैं। उसके अलावा पौड़ी में 20, देहरादून में 14, अल्मोड़ा में 11, हरिद्वार में 9, नैनीताल में 6, टिहरी में 12, बागेश्वर में 4 मरीज मिले हैं। राहत की बात है कि 20 मरीजों ने कोरोना वाायरस को पूरी तरह से हरा दिया है। अब स्वस्थ्य हो चुके मरीजों हो अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिया है। विभाग को आज, 1626 संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की रिपोर्ट मिली है, जो नेगेटिव आई है। विभाग ने आज 1607 संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में 920 एक्टिव कोरोना संक्रमित मरीज हैं, जबिक कोरोना सहित अन्य कारणों से 29 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमित सहारनपुर निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की दून अस्पताल में मौत हो गई है। उन्हें एक दिन पहले टर्नर रोड स्थित एक अस्पताल में गुर्दों के संक्रमण के चलते भर्ती कराया गया था। दून अस्पताल में उन्हें मंगलवार अलसुबह तीन बजे लाया गया, जहां उनकी सात बजे मौत हो गई। पुलिस और प्रशासन व्यक्ति के शव को सुपुर्द-ए-खाक करा रहा है।
इस बीच, देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4 लाख 41 हजार 920 हो गया है। आज सुबह से अब तक 1470 नए मामले सामने आए हैं। 367 मरीज ठीक हुए हैं और 13 लोगों की मौत हुई है। कल 13 हजार 548 नए केस आए थे। 10 हजार 879 मरीज ठीक हुए और 312 की मौत हुई। दिल्ली में 17 जून को सबसे ज्यादा 27 हजार 741 एक्टिव केस थे। इसके बाद से इसमें कमी आ रही ही है। पंजाब सरकार ने होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज हॉल्स खोलने की मंजूरी दे दी। हालांकि, इनमें 50% लोग ही आ सकेंगे। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को कहा- हमने कारोबारियों की चिंता और गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए अहम फैसला किया है। दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री पार्था चटर्जी ने कहा है कि राज्य में स्कूल और कॉलेज 31 जुलाई से पहले नहीं खोले जाएंगे।
दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 92 लाख 15 हजार 127 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 49 लाख 61 हजार 224 लोग स्वस्थ हुए हैं। वहीं, 4 लाख 74 हजार 955 लोगों की मौत हो चुकी है। नेपाल में 24 घंटे में 538 लोग संक्रमित हुए हैं। इसके साथ ही यहां संक्रमण का आंकड़ा 10 हजार के पार हो गया है। वहीं, अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 23.88 लाख हो गई है। इनमें 42% यानी 10 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमण का मामला यहीं है। साथ ही यहां सबसे ज्यादा 1.22 लाख मौतें हुई हैं।